20/08/2026
राज्यमंत्री विनय रोहिल्ला ने सुनी भाजपा पदाधिकारियों की जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश
रुड़की। आपदा प्रबंधन के उपाध्यक्ष एवं राज्य मंत्री विनय रोहिल्ला ने भाजपा जिला रुड़की के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी जनसमस्याओं को गंभीरता से सुना। बैठक में रुड़की, भगवानपुर, झबरेड़ा और कलियर समेत विभिन्न क्षेत्रों की समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं। राज्य मंत्री ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में रुड़की नगर क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों, भगवानपुर एवं झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्रों में बंद पड़े नालों, कलियर विधानसभा के रामपुर क्षेत्र में जलभराव और जल निकासी के लिए नाले के निर्माण तथा चाव मंडी क्षेत्र में बंद पड़े नाले को खुलवाने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।
भाजपा जिला कोषाध्यक्ष नितिन गोयल ने डीएवी डिग्री कॉलेज से अलाउद्दीन चौक तथा मालवीय चौक से गणेशपुर पुल तक सड़क की खराब स्थिति का मुद्दा राज्य मंत्री के समक्ष जोर-शोर से रखा। उन्होंने बताया कि सड़क कई स्थानों पर धंस चुकी है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सड़क की शीघ्र मरम्मत एवं आवश्यक निर्माण कार्य कराने की मांग की।
राज्य मंत्री विनय रोहिल्ला ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पदाधिकारियों द्वारा उनके संज्ञान में लाई गई समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। सरकार का प्रयास है कि जनता को जल्द राहत मिले और विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने जिले के वरिष्ठ पदाधिकारियों का परिचय राज्य मंत्री विनय रोहिल्ला से कराया। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेकर उन्हें शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि बैठक में उठाई गई समस्याओं का संबंधित विभागों के माध्यम से जल्द निराकरण कराया जाएगा।
बैठक का संचालन जिला उपाध्यक्ष भीम सिंह ने किया। इस दौरान जिला मंत्री नवनीत सिंह, सचिन झवरेड़ी, तेजपाल मौर्य, कोषाध्यक्ष नितिन गोयल, मीडिया प्रभारी पंकज नंदा, कार्यालय प्रभारी कदम सिंह, सह प्रभारी अंकित गौतम, युवा मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष गौरव कौशिक, अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष नीटू मंडावर, अनिल चौधरी, प्रदीप पाल, पार्षद सोहन सिंह राणा, किसान मोर्चा अध्यक्ष सुदेश चौधरी, विपुल चौधरी, सतविंदर प्रधान, सचिन गुर्जर, पुलकित चौधरी, राजकमल सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।