08/03/2026
ठीक यही वक्त था जब चार साल पहले लेबर रूम में पड़ी तुम्हारे आने का इंतजार कर रही थी। इंतजार का समय दोपहर 2 बजे से शुरू हो चुका था, यानि ये इंतजार लंबा होता जा रहा था। इतना लिख या पढ़ लेना बहुत आसान लग सकता है, पर वो समय मेरे और तुम्हारे लिए बिल्कुल भी आसान नहीं था। वह असहनीय पीड़ा का समय था। 8 मार्च की रात्रि थी, महिला दिवस की शुभकामनाओं से इनबॉक्स पटा हुआ था, जिनमें से किसी का रिप्लाई नहीं किया जा सका था, पर इसी बीच मन में लालच भी उठा कि काश महिला दिवस के दिन एक बच्ची आ जाती गोद में!
यह लालच अंत में इस लाचारी तक पहुंच गया कि अब मन में बस एक बात आती कि सब ठीकठाक हो जाए। खैर! लंबे कष्ट को झेलने के बाद तुम आए! ऑपरेशन थिएटर में लगभग बेहोशी की हालत में नर्स ने तुमसे पहली मुलाकात कराई। उन्होंने पूछा कि क्या मैं समझ पा रही हूं बेटा है या बेटी? मैं मुस्कुराई, बेटा है! और सो गई! बेटी की चाहत थी, पर तुम्हारे आते ही सब भूल गई। मैं अपनी दुनिया ही भूल गई। तुम ही तुम याद रहने लगे। तुम ही तुम दिखने लगे। किसी भी उम्र के लड़के को देख बस यही ख्याल आता रहा कि तुम इस उम्र में क्या करोगे, कैसे करोगे, कैसे दिखोगे, कैसे बाल बनाओगे, कैसे बातें करोगे... और जो कुछ भी करते हुए लड़के दिखें, मैं उनमें तुम्हें देखने लगी।
घर में दो पीढ़ी से लड़के का पालन होता न देखने के कारण हमें आदत ही नहीं थी पुलिंग शब्दों में बात करने की। हम तुम्हारे लिए भी अक्सर स्त्रीलिंग शब्द बोल जाते, फिर सुधार करते। यह सब रोचक था, प्यारा था।
महिला दिवस की अगली तारीख में तुम्हें पाकर मैं स्वयं को धन्य पाती हूं। मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि तुम्हें पालना इतना सुखद हो सकता है। तुम मेरे साथ रहे, पर अपने पापा के जेरॉक्स बन गए। ये अद्भुत कारनामा भगवान कब, क्यों और कैसे कर देता है, पता नहीं। अब तुम्हें बड़े होते देख लगता है तुम्हारे पापा को ही बड़े होते देख रही हूं।
तुम मुझे जन्म से ही समझते हो। मेरे कष्टों को अपना कष्ट बना लेते हो। मेरे संघर्ष के समय में मेरे पक्के मित्र की तरह मेरे साथ रहते हो। तुमने मेरे जीवन में कई नए आयाम जोड़े हैं। तुम्हें गोद में लेकर दुनिया को जीत लेने वाला एहसास होता है। तुम्हें देख भर लूं तो दिन - रात का हिसाब ठीक हो जाता है।
इस जन्मदिन ईश्वर से यही कामना रहेगी कि तुम्हारी हर मनोकामना पूर्ण हो! तुम खुश रहो, स्वस्थ रहो और निडर बनो! बहुत सारी दुआओं के साथ तुम्हें हैप्पी बर्थडे मेरी जान! लव यू मोर दैन एनीथिंग एल्स! ❤️