12/06/2026
Panipat समेत हरियाणा के कई जिलों में सड़क यात्रा जल्द ही पहले से ज्यादा सुरक्षित, सुंदर और सुविधाजनक होने वाली है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने प्रदेश की चार प्रमुख नेशनल और स्टेट हाईवे सड़कों को "मॉडल रोड" के रूप में विकसित करने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना में पानीपत-सफीदों-जींद-भिवानी रोड, गोहाना-खानपुर कलां रोड (सोनीपत), घरौंडा-फुरलक रोड (करनाल) और ओल्ड बाईपास रोड (कैथल) को शामिल किया गया है। पीडब्ल्यूडी के अनुसार इन सड़कों को केवल चौड़ा या मरम्मत नहीं किया जाएगा, बल्कि इन्हें आधुनिक शहरी सड़क मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। परियोजना का उद्देश्य सड़क गुणवत्ता सुधारने के साथ-साथ यातायात सुरक्षा और सौंदर्यीकरण को बढ़ावा देना है। मॉडल रोड योजना के तहत सड़क के दोनों ओर व्यवस्थित फुटपाथ बनाए जाएंगे ताकि पैदल चलने वालों को सुरक्षित रास्ता मिल सके। वहीं सड़क के बीचों-बीच आकर्षक डिवाइडर बनाए जाएंगे, जिनमें फूल और सजावटी पौधे लगाए जाएंगे। रात्रि के समय बेहतर दृश्यता और सुरक्षा के लिए आधुनिक एलईडी स्ट्रीट लाइटें स्थापित की जाएंगी। इसके अलावा प्रमुख स्थानों पर मानकों के अनुरूप जेब्रा क्रॉसिंग बनाई जाएंगी ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। परियोजना को लागू करने के लिए पीडब्ल्यूडी ने संबंधित मार्गों से गुजर रही हाई टेंशन (HT) और लो टेंशन (LT) बिजली लाइनों को शिफ्ट करने के संबंध में बिजली निगम को पत्र भेज दिया है। पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन सवित पानु के अनुसार इन सड़कों के विकसित होने से यात्रियों को बेहतर सुविधा मिलेगी और विभिन्न शहरों एवं कस्बों की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। इससे स्थानीय व्यापार, परिवहन और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है। वहीं बिजली निगम के एक्सईएन आदित्य कुंडू ने बताया कि बिजली लाइनों की शिफ्टिंग से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। आवश्यक मंजूरियां मिलने के बाद कार्य को तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा।