17/10/2026
#पुष्कर_मेला-2026: अश्वपालकों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण शुरू, भूखण्ड आवंटन के नियम तय
9 से 15 अश्व रखने वाले पशुपालकों के लिए अलग-अलग सेक्टर निर्धारित, स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र के नियमों में भी बदलाव
पुष्कर। पुष्कर मेला-2026 में भाग लेने वाले अश्वपालकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने अश्ववंशीय पशुओं के पंजीकरण, भूखण्ड आवंटन और अश्व स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। उपखण्ड अधिकारी एवं उपजिला मजिस्ट्रेट, पुष्कर की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार अश्वपालकों के लिए भूखण्ड पंजीकरण का ऑनलाइन पोर्टल शुरू कर दिया गया है।
इच्छुक अश्वपालक आधिकारिक वेबसाइट https://pushkarmela.rajasthan.gov.in पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण करवा सकते हैं। भूखण्ड चयन की तिथि और समय के संबंध में अलग से सूचना जारी की जाएगी।
अश्वों की संख्या के अनुसार मिलेगा भूखण्ड
प्रशासन ने अश्वों की संख्या के आधार पर अलग-अलग सेक्टर निर्धारित किए हैं। इसके तहत सेक्टर D एवं J में 9 से 10 अश्व रखने वाले अश्वपालक भूखण्ड का चयन कर सकेंगे। मौके पर हेल्प डेस्क समिति द्वारा अश्वों की संख्या का सत्यापन करने के बाद ही अतिरिक्त 50×50 वर्गफीट का भूखण्ड आवंटित किया जाएगा। 9 से कम अश्व रखने वालों को इन सेक्टरों में केवल 50×50 वर्गफीट का भूखण्ड मिलेगा।
वहीं, सेक्टर A, E एवं F में 4 से 8 अश्व रखने वाले अश्वपालक भूखण्ड का चयन कर सकेंगे। इन सेक्टरों में 50×50 वर्गफीट के भूखण्ड उपलब्ध रहेंगे। यदि 9 से 10 अश्व रखने वाले अश्वपालक इन सेक्टरों का चयन करते हैं, तो उन्हें अतिरिक्त 50×50 वर्गफीट का भूखण्ड आवंटित नहीं किया जाएगा।
इसी प्रकार सेक्टर K में 11 से 15 अश्व रखने वाले अश्वपालकों के लिए 100×50 वर्गफीट के भूखण्ड उपलब्ध रहेंगे।
स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र के नियम स्पष्ट
अश्व स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र में पशु चिकित्सक का पूरा कार्यालय पता, RSVC पंजीकरण क्रमांक तथा निकटतम राजकीय पशु चिकित्सालय का सत्यापन क्रमांक अंकित होना अनिवार्य किया गया है। इसके साथ ही भूखण्ड पंजीकरण के लिए जियोटैग फोटो की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है। अब अश्वपालकों को अपने घोड़ों के साथ खींची गई फोटो पोर्टल पर अपलोड करनी होगी।
अन्य राज्यों से आने वाले अश्वपालक संबंधित राज्य के पशुपालन विभाग द्वारा निर्धारित प्रारूप में जारी स्वास्थ्य प्रमाण-पत्र भी प्रस्तुत कर सकेंगे।
इस बार नहीं होगी एंड्योरेंस रेस
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पुष्कर मेला-2026 के दौरान एंड्योरेंस रेस आयोजित करने का कोई कार्यक्रम निर्धारित नहीं है। इस प्रकार की कोई प्रतियोगिता आयोजित नहीं की जाएगी।
जिला प्रशासन, अजमेर ने सभी अश्वपालकों से समय पर ऑनलाइन पंजीकरण करवाने, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा मेले की व्यवस्थाओं को सुचारू एवं व्यवस्थित बनाने में सहयोग देने की अपील की है।
2026