03/02/2026
*एम्स दिल्ली में त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. विजय जयपाल का चयन, अनुसूचित जाति में पूरे भारत में प्रथम स्थान*
उप-शीर्षक: एम्स दिल्ली के त्वचा रोग विभाग की एकमात्र SC सीट पर चयन, पूरे भारत में प्रथम स्थान और सामान्य श्रेणी में छठी रैंक हासिल कर जैसलमेर का मान बढ़ाया।
रामदेवरा / जैसलमेर।
रामदेवरा के एक छोटे से गांव से निकलकर डॉ. विजय राम जयपाल (पुत्र श्री शैतानाराम जी व श्रीमती Dhau devi) ने देश के सर्वोच्च चिकित्सा संस्थान एम्स (AIIMS) दिल्ली तक का सफर तय कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। डॉ. विजय का चयन सीनियर रेजिडेंट के रूप में एम्स दिल्ली के त्वचा रोग विभाग (Dermatology) में हुआ है।
अत्यंत कठिन प्रतिस्पर्धा में मिली सफलता:
चिकित्सा जगत में एम्स दिल्ली के त्वचा रोग विभाग में चयन होना लगभग नामुमकिन माना जाता है। पूरे देश के टॉपर्स की पहली पसंद रहने वाले इस विभाग में सीटों की संख्या बेहद कम होती है। इस वर्ष पूरे भारत के लिए अनुसूचित जाति (SC) वर्ग की मात्र एक ही सीट उपलब्ध थी, जिस पर डॉ. विजय ने अखिल भारतीय स्तर पर प्रथम स्थान (Rank 1) प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। साथ ही, उन्होंने सामान्य श्रेणी में भी पूरे भारत में छठी रैंक हासिल की है।
डॉ. विजय ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा रामदेवरा के सरकारी विद्यालयों से प्राप्त की। इसके बाद उन्होंने किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU), लखनऊ से एमबीबीएस और अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (AMU) से एमडी (त्वचा रोग) की डिग्री हासिल की। वर्तमान में वे दिल्ली के प्रतिष्ठित मौलाना आज़ाद मेडिकल कॉलेज (MAMC) में सेवाएं दे रहे हैं। सीमावर्ती जिले के एक ग्रामीण परिवेश से निकलकर इस मुकाम तक पहुँचने वाले वे संभवतः अपने संभाग के पहले अनुसूचित जाति के त्वचा रोग विशेषज्ञ हैं।
युवाओं के लिए संदेश:
डॉ. विजय की यह उपलब्धि दर्शाती है कि यदि संकल्प दृढ़ हो, तो संसाधनों की कमी सफलता के आड़े नहीं आती। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता पर क्षेत्र के लोगों ने खुशी जाहिर की है और इसे जैसलमेर जिले के लिए एक गौरवशाली क्षण बताया है।